40% मुख्यमंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज: ADR की रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

चुनाव अधिकार संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने अपनी ताज़ा रिपोर्ट में बड़ा खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार देश के 30 मौजूदा मुख्यमंत्रियों में से 12 यानी 40 प्रतिशत मुख्यमंत्रियों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं। यह आंकड़े उनके द्वारा पिछले चुनाव लड़ने से पहले दायर किए गए शपथपत्र (हलफनामों) के विश्लेषण पर आधारित हैं।


किस मुख्यमंत्री पर सबसे अधिक केस?

एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार:

  • तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के खिलाफ सबसे अधिक 89 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
  • तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने अपने खिलाफ 47 मामले घोषित किए हैं।
  • आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ 19 मामले दर्ज हैं।
  • कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर 13 मामले और
  • झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर 5 मामले दर्ज हैं।

इसके अलावा:

  • महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चार-चार मामले घोषित किए हैं।
  • केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने दो मामले और
  • पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक मामला घोषित किया है।

33% CM पर गंभीर आपराधिक मामले

एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, 10 यानी 33 प्रतिशत मुख्यमंत्रियों ने अपने खिलाफ गंभीर आपराधिक मामलों का जिक्र किया है। इन मामलों में हत्या के प्रयास, अपहरण, रिश्वतखोरी और आपराधिक धमकी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।


सरकार ला रही नए विधेयक

यह रिपोर्ट ऐसे समय में सामने आई है जब केंद्र सरकार संसद में तीन नए विधेयक ला रही है। इनमें प्रावधान है कि यदि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री किसी गंभीर आपराधिक आरोप में 30 दिनों से अधिक समय तक गिरफ्तार रहते हैं, तो उन्हें पद से हटाया जा सकता है।

सबसे अमीर और सबसे गरीब मुख्यमंत्री

रिपोर्ट में मुख्यमंत्रियों की संपत्ति का भी खुलासा हुआ है:

  • आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं।
  • दूसरे स्थान पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेमा खांडू हैं, जिनकी संपत्ति 332 करोड़ रुपये है।
  • कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया 51 करोड़ की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
  • वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मात्र 15 लाख रुपये की संपत्ति के साथ देश की सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री हैं।

औसत संपत्ति 54 करोड़

एडीआर के मुताबिक, देश के 30 मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति 54.42 करोड़ रुपये है। इनमें से 2 (7%) मुख्यमंत्री अरबपति हैं। सभी मुख्यमंत्रियों की कुल घोषित संपत्ति 1,632 करोड़ रुपये है।