Vaishno Devi Landslide: माता वैष्णो देवी मार्ग पर बड़ा हादसा, 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

जम्मू-कश्मीर के कटरा अर्धकुंवारी में भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल। माता वैष्णो देवी यात्रा रोक दी गई। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर बने माता वैष्णो देवी मंदिर के यात्रा मार्ग पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। कटरा के अर्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन हुआ, जिसमें कम से कम 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद माता वैष्णो देवी यात्रा को रोक दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे हुई, जब भारी बारिश के चलते पहाड़ से मलबा और चट्टानें नीचे आ गिरीं। हादसे के समय सैकड़ों श्रद्धालु यात्रा मार्ग पर मौजूद थे। घायलों को तुरंत कटरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने पुष्टि करते हुए कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज़ी से चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, प्रशासन और सेना की टीम राहत कार्य में जुटी हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

भूस्खलन के कारण अर्धकुंवारी से भवन तक का मार्ग बंद कर दिया गया है और हिमकोटी मार्ग पर यात्रा पहले से ही स्थगित थी। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा को अगले आदेश तक रोक दिया गया है।

जम्मू और आसपास के जिलों में पिछले तीन दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 27 अगस्त तक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऊँचाई वाले इलाकों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और बादल फटने की आशंका भी जताई गई है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है और घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की मानें तो हादसा बेहद डरावना था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि अचानक तेज़ आवाज़ हुई और देखते ही देखते भारी पत्थर और मिट्टी का मलबा रास्ते पर आ गया। लोग चीख-पुकार करते हुए इधर-उधर भागने लगे। कई लोग घायल हो गए और कुछ मलबे में दब गए।

बता दें कि इससे पहले जून 2025 में भी वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन हुआ था, हालांकि उस समय कोई हताहत नहीं हुआ था। लगातार बदलते मौसम और भारी बारिश के चलते यह क्षेत्र भूस्खलन के खतरे में रहता है।

इस घटना ने पूरे देश के श्रद्धालुओं को स्तब्ध कर दिया है। लाखों लोग माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए हर साल कटरा आते हैं। लेकिन इस हादसे ने यात्रा को फिलहाल रोक दिया है और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक यात्रा से परहेज़ करें।


ये भी पढ़ें:- गुजरात सरकार ने GSRTC कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में किया 2% का इजाफा