नेपाल में राजनीतिक हलचल, नई सरकार पर आर्मी मुख्यालय में अहम बैठक
नेपाल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजधानी काठमांडू स्थित आर्मी हेडक्वार्टर में इस समय अहम बैठक चल रही है। बैठक में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और जेन-ज़ी (Gen-Z) प्रतिनिधियों के बीच चर्चा हो रही है। जेन-ज़ी की ओर से सात सदस्य इस वार्ता में शामिल हैं।
इस बीच आर्मी मुख्यालय के बाहर भी जेन-ज़ी समर्थकों का प्रदर्शन जारी है। हालांकि, ताज़ा घटनाक्रम में प्रदर्शनकारियों के बीच आपसी मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।
प्रदर्शनकारी गुटों में विभाजन के बीच अब अंतरिम प्रधानमंत्री पद के लिए नया नाम सामने आया है। जेन-ज़ी युवाओं ने इस पद के लिए कुलमन घिसिंग का नाम प्रस्तावित किया है। घिसिंग नेपाल में बिजली संकट खत्म करने और ऊर्जा सुधारों के लिए लोकप्रिय माने जाते हैं।
नेपाल में हालिया राजनीतिक घटनाक्रम ने सत्ता संतुलन को अनिश्चित बना दिया है और अब सबकी नज़रें आर्मी हेडक्वार्टर में चल रही इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हैं।

