भारत ने 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए लंदन में राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (CGF) के समक्ष औपचारिक प्रस्ताव पेश किया है। इस अवसर पर भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गुजरात सरकार के खेल मंत्री हर्ष संघवी और सीजीए इंडिया की अध्यक्ष डॉ. पी. टी. उषा ने किया।
प्रस्ताव में अहमदाबाद को मेज़बान शहर के रूप में चुना गया है, जो गुजरात और भारत दोनों के लिए एक गौरव का क्षण है। प्रतिनिधिमंडल में कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे, जिनमें हरि रंजन राव (सचिव, खेल विभाग), अश्विनी कुमार (MYAS), बंछा निधि पाणि (आयुक्त, AMC) और रघुराम अय्यर (सीईओ, सीजीएफ इंडिया) प्रमुख थे।
खेल मंत्री हर्ष संघवी ने कहा, “अहमदाबाद में शताब्दी राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन भारत के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। ये खेल युवाओं को प्रेरित करेंगे और 2047 के विकसित भारत की यात्रा को गति देंगे।”
भारत की यह बोली केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के आत्मविश्वास, क्षमता और वैश्विक नेतृत्व के दावे का प्रतीक मानी जा रही है।

