जन सुराज में बवाल: कार्यकर्ताओं ने प्रशांत किशोर का पोस्टर जलाया, टिकट बिक्री के लगाए आरोप

समस्तीपुर, बिहार
प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज में प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी होते ही पार्टी के अंदर भारी असंतोष देखने को मिला। बिहार के समस्तीपुर जिले के वारिसनगर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल किया। नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रशांत किशोर पर पैसे लेकर टिकट बेचने का गंभीर आरोप लगाया और पार्टी के स्थानीय कार्यालय में जमकर हंगामा किया।

सूत्रों के अनुसार, जैसे ही जन सुराज की ओर से दूसरी लिस्ट जारी हुई, वारिसनगर के कई कार्यकर्ता नाराज हो गए। उनका कहना है कि मेहनती और पुराने कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर टिकट बाहरी लोगों को दे दिया गया है। इसी विरोध में कार्यकर्ताओं ने वारिसनगर विधानसभा कार्यालय पर लगे बैनर और पोस्टर फाड़ दिए, साथ ही प्रशांत किशोर का पुतला दहन कर विरोध जताया।

इस दौरान गुस्साए कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए —
प्रशांत किशोर चोर है! प्रशांत किशोर मुर्दाबाद!
कई कार्यकर्ताओं ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जन सुराज का नेतृत्व अब अपने मूल सिद्धांतों से भटक गया है। उनका आरोप है कि प्रशांत किशोर ने संगठन को मजबूत करने की बजाय पैसे के दम पर टिकट वितरण किया है।

एक कार्यकर्ता ने गुस्से में कहा,

“प्रशांत किशोर की सरकार जिंदगी में कभी नहीं बन सकती। वह उगने से पहले ही डूब गए हैं, अब कभी उग नहीं सकते।”

गौरतलब है कि प्रशांत किशोर ने जन सुराज अभियान की शुरुआत बिहार में नई राजनीति और पारदर्शिता के वादे के साथ की थी। लेकिन पार्टी में लगातार उठ रहे असंतोष और टिकट वितरण को लेकर विवाद से यह साफ है कि संगठन के अंदर ही मतभेद गहराते जा रहे हैं

फिलहाल, प्रशांत किशोर या जन सुराज की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। लेकिन इस बवाल के बाद यह साफ हो गया है कि चुनावी तैयारियों के बीच जन सुराज को आंतरिक कलह का सामना करना पड़ रहा है।