इंडिगो का संकट छठे दिन भी जारी, सैकड़ों उड़ानें रद्द। सरकार ने किराया नियंत्रित किया, DGCA ने CEO को नोटिस भेजा। यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं।
इंडिगो एयरलाइन का परिचालन संकट लगातार छठे दिन भी जारी है। रविवार को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई जैसे प्रमुख हवाई अड्डों पर यात्रियों को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों की लंबी कतारें दिखीं और लोग घंटों इंतजार करते रहे।
ANI रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट की फ्लाइट जानकारी स्क्रीन पर कई इंडिगो उड़ानों को रद्द दिखाया गया। चेन्नई एयरपोर्ट पर 30 से अधिक उड़ानें कैंसिल हो गईं, जबकि मुंबई एयरपोर्ट पर हजारों यात्री फंसे रहे। पिछले पांच दिनों में 2000 से ज्यादा उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जिससे देश के प्रमुख एयर हब प्रभावित हुए हैं।
शनिवार को 800 फ्लाइट्स रद्द
इंडिगो ने बताया कि शनिवार को 800 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं, जबकि शुक्रवार को यह संख्या 1000 से पार थी। लगातार बढ़ रही देरी और कैंसिलेशन ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी है।
सरकार का किराए पर नियंत्रण
संकट के बीच नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हवाई किराए पर नियंत्रण का आदेश जारी किया है।
नए फेयर कैप के अनुसार:
- 500 किमी तक: अधिकतम ₹7,500
- 500–1000 किमी: अधिकतम ₹12,000
- 1000–1500 किमी: अधिकतम ₹15,000
- 1500 किमी से अधिक: अधिकतम ₹18,000
यह फेयर कैप बिज़नेस क्लास और UDAN उड़ानों पर लागू नहीं होगा।
DGCA ने CEO को भेजा शो-कॉज नोटिस
DGCA ने उड़ानों में भारी देरी और कैंसिलेशन को “योजना और संसाधन प्रबंधन की गंभीर लापरवाही” बताते हुए इंडिगो CEO पीटर एल्बर्स को शो-कॉज नोटिस जारी किया है।
कंपनी ने बनाया क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप
इंटरग्लोब एविएशन बोर्ड की बैठक के बाद एक क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप (CMG) बनाया गया है, जिसमें चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता, अमिताभ कांत, माइक व्हिटेकर, ग्रेग सरेट्स्की और CEO पीटर एल्बर्स शामिल हैं। यह टीम लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है और उड़ानों को सामान्य बनाने के प्रयास कर रही है।
इंडिगो ने प्रभावित यात्रियों के लिए रिफंड, रीबुकिंग और तारीख बदलने में शुल्क राहत की घोषणा की है।
कर्मचारियों से बुरे व्यवहार के आरोप
सोशल मीडिया पर वायरल एक ओपन लेटर में दावा किया गया है कि इंडिगो के कई कर्मचारी अत्यधिक काम के दबाव में हैं। लेटर में कहा गया है कि ग्राउंड स्टाफ और क्रू को कम स्टाफ और सख्त नीतियों की वजह से मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
पत्र में मांग की गई है कि:
- न्यूनतम वेतन तय किया जाए
- पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध कराया जाए
- थकान (Fatigue) से जुड़े नियमों में सुधार हो
FDTL नियम नई देरी की वजह
रिपोर्ट्स के अनुसार, DGCA द्वारा लागू किए गए नए FDTL (Flight Duty Time Limitations) नियमों के कारण अचानक पायलट और क्रू की कमी हो गई, जिससे उड़ानें कैंसिल होने की स्थिति बनी।
इंडिगो ने कहा कि वह स्थिति को सामान्य करने के लिए “हर मुमकिन प्रयास” कर रहा है, लेकिन रविवार को भी 150 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

