अहमदाबाद के पेलेडियम मॉल में क्रिसमस सजावट को लेकर हिंदू संगठनों का विरोध, पुलिस ने भगवा सेना के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
अहमदाबाद के पेलेडियम मॉल में क्रिसमस और नए साल को लेकर की गई सजावट के विरोध में हिंदू संगठनों का आक्रोश लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिला। क्रिसमस ट्री और अन्य सजावटी वस्तुओं को लेकर हिंदू संगठनों ने मॉल परिसर में पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि सनातन संस्कृति वाले देश में किसी अन्य धर्म के प्रचार को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर हिंदू भगवा सेना के कार्यकर्ता पेलेडियम मॉल पहुंचे और वहां की गई क्रिसमस सजावट को तत्काल हटाने की मांग की।
मॉल प्रबंधन की ओर से संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और उन्होंने स्वयं ही सजावट हटाना शुरू कर दिया। इस दौरान मॉल में लगे क्रिसमस ट्री को नुकसान पहुंचाया गया और उसे काट दिया गया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने मॉल में मौजूद हिंदू भगवा सेना के सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले अहमदाबाद के बापूनगर इलाके में भी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा एक मॉल से क्रिसमस सजावट हटाए जाने की घटना सामने आई थी। शहर में नाताल और नववर्ष की सजावट को लेकर बढ़ता विवाद अब प्रशासन के लिए चुनौती बनता जा रहा है।
आगे पढ़े : पाकिस्तान में सबसे बड़ा रेड अलर्ट, 6 आतंकी ढेर; अस्पतालों में आपातकाल

