अहमदाबाद, गुजरात:
अहमदाबाद के पीपलज क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आज अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि अहमदाबाद फायर ब्रिगेड को तुरंत ‘मेजर कॉल’ घोषित करना पड़ा। आग पीपलज रोड पर स्थित ‘हर्ष एंटरप्राइज’ नाम की केमिकल फैक्ट्री में लगी, जहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल और ऑयल मौजूद था।
मिली जानकारी के अनुसार, आग लगते ही काले धुएं के गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगे, जिससे आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों और फैक्ट्रियों में भय का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने के लिए युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
फिलहाल, 20 से 25 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी और विशेष फोम का इस्तेमाल कर रही हैं। केमिकल की आग होने के कारण इसे बुझाना काफी चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। आधुनिक उपकरणों की मदद से आग को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों को खाली करवाया और कई रास्तों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, ताकि राहत कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके अलावा, एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का केमिकल, कच्चा माल और मशीनरी जलकर नष्ट हो गई है। फायर विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि फैक्ट्री के अंदर कोई व्यक्ति फंसा न हो।
आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आग को पूरी तरह नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
आगे पढ़े: पोलिमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स पर ₹157 करोड़ का नादारी दावा, NCLT ने जारी किया नोटिस

