12 फरवरी को बैंक हड़ताल: क्या बैंक बंद रहेंगे? जानिए सेवाओं पर क्या पड़ेगा असर

देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए एक अहम सूचना सामने आई है। गुरुवार, 12 फरवरी 2026 को देशव्यापी हड़ताल (Bharat Bandh) के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि Reserve Bank of India (RBI) ने इस दिन को सार्वजनिक अवकाश घोषित नहीं किया है, लेकिन प्रमुख बैंक यूनियनों के हड़ताल पर जाने से शाखाओं में कामकाज ठप या बेहद धीमा रहने की आशंका है।

इस हड़ताल का आह्वान All India Bank Employees Association (AIBEA), All India Bank Officers Association (AIBOA) और Bank Employees Federation of India (BEFI) सहित 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने किया है। इसका मुख्य कारण केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे चार नए श्रम कानून (Labour Codes) हैं, जिनका यूनियनों द्वारा कड़ा विरोध किया जा रहा है।

क्या बैंक पूरी तरह बंद रहेंगे?

तकनीकी रूप से बैंक खुले रहेंगे, क्योंकि आरबीआई की ओर से छुट्टी घोषित नहीं की गई है। लेकिन बड़ी संख्या में कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण चेक क्लियरेंस, कैश जमा-निकासी, काउंटर सेवाएं और शाखा-स्तरीय कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। डिजिटल सेवाएं जैसे एटीएम, नेट बैंकिंग और यूपीआई सामान्य रूप से चालू रहने की संभावना है।

बैंक ऑफ बड़ौदा की चेतावनी

देश के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक Bank of Baroda ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को दी गई सूचना में कहा है कि हड़ताल के चलते उसकी शाखाओं और कार्यालयों के संचालन पर असर पड़ सकता है, हालांकि सेवाएं सुचारु रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

आगे पढ़े: मणिपुर को मिला नया मुख्यमंत्री, युमनाम खेमचंद सिंह बने बीजेपी विधायक दल के नेता

हड़ताल के प्रमुख कारण

  • चार नए श्रम कानूनों को वापस लेने की मांग
  • सप्ताह में 5 दिन बैंकिंग (5-Day Work Week) लागू करने की मांग
  • पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग
  • बैंकों के निजीकरण का विरोध
  • रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती
  • आउटसोर्सिंग और ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग

गुजरात में कितना असर?

गुजरात में लगभग 25,000 बैंक कर्मचारी हड़ताल में शामिल हो सकते हैं, जिससे करीब 3,600 से अधिक शाखाओं का कामकाज प्रभावित होगा। एक ही दिन में लगभग ₹15,000 करोड़ के बैंकिंग लेन-देन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। अहमदाबाद समेत प्रमुख शहरों में रैलियां और मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन की योजना है।

ग्राहकों के लिए सलाह

यदि आपका कोई जरूरी बैंकिंग काम है, तो उसे 11 फरवरी तक निपटा लें। हड़ताल के दिन शाखाओं में लंबी कतारें और देरी संभव है। जहां संभव हो, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करें।

आगे पढ़े: BCCI सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 2025-26: रोहित-कोहली का डिमोशन, गिल-बुमराह बने टॉप ग्रेड खिलाड़ी