बाबा केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे। बद्रीनाथ धाम 23 अप्रैल को खुलेगा। चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू, श्रद्धालुओं में उत्साह।
उत्तराखंड के प्रसिद्ध बाबा केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। मंदिर समिति द्वारा यह घोषणा शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर में विधि-विधान के साथ की गई। इस घोषणा के बाद देशभर के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
मंदिर समिति के अनुसार, 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे शुभ वृषभ लग्न में केदारनाथ मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। इसी के साथ छह महीने तक चलने वाली केदारनाथ यात्रा का शुभारंभ होगा। हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं।
इस वर्ष टी. गंगाधर लिंग को बाबा केदारनाथ धाम का मुख्य पुजारी नियुक्त किया गया है। परंपरा के अनुसार, दक्षिण भारत के रावल पुजारी ही मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। कपाट खुलने की घोषणा के बाद श्रद्धालुओं ने दर्शन के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया है।
केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने के एक दिन बाद बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को सुबह 6:15 बजे ब्रह्ममुहूर्त में श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इस शुभ तिथि की घोषणा पहले ही वसंत पंचमी के अवसर पर कर दी गई थी।
इसके अलावा, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर खोले जाएंगे। हालांकि, इन दोनों मंदिरों के शुभ मुहूर्त की विस्तृत जानकारी मंदिर समिति द्वारा जल्द ही जारी की जाएगी।
चारधाम यात्रा को लेकर सरकार और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सड़कों की मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा रहा है। होटल और धर्मशालाओं की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। हर साल लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा में शामिल होते हैं और इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
आगे पढ़े: महाशिवरात्रि: शिव आराधना से मिलता है सुख, शांति और संकटों से मुक्ति का वरदान

