गुजरात के शिक्षा मंत्री प्रद्युमन वाजा को आया माइनर हार्ट अटैक, यू.एन. मेहता अस्पताल में भर्ती

अहमदाबाद: गुजरात के शिक्षा मंत्री प्रद्युमन वाजा को माइनर हार्ट अटैक आने के बाद अहमदाबाद की यू.एन. मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षा मंत्री प्रद्युमन वाजा मंगलवार शाम तक भूपेंद्र पटेल के साथ साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने स्मार्ट स्कूलों का लोकार्पण किया और उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अचानक उन्हें असहजता महसूस हुई।

इसके बाद वे एहतियातन रूटीन चेकअप के लिए यू.एन. मेहता अस्पताल पहुंचे, जहां जांच में उनके हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज पाए जाने की पुष्टि हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल एंजियोप्लास्टी की और एक स्टेंट लगाया गया। सफल प्रक्रिया के बाद उनकी तबीयत में सुधार है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, शिक्षा मंत्री की हालत अब स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में आराम कर रहे हैं। मंत्रिमंडल के सदस्यों, अधिकारियों और शुभचिंतकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में प्रद्युमन वाजा ने कैबिनेट स्तर के शिक्षा मंत्री के रूप में पदभार संभाला था। वे मूल रूप से अहमदाबाद के निवासी हैं और पेशे से चिकित्सक रह चुके हैं। उन्होंने चिकित्सा के साथ-साथ कानून की पढ़ाई भी पूरी की है।

आगे पढ़े: IND vs PAK: भारत-पाक मैच से पहले पूर्व पाक क्रिकेटर ने अभिषेक शर्मा को बताया ‘स्लॉगर’, तकनीक पर उठाए सवाल