IND vs NED: हार के बाद स्कॉट एडवर्ड्स का बड़ा बयान, ‘भारत आकर बहुत कुछ सीखने को मिला’

भारत से हार के बाद नीदरलैंड्स के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने भारतीय बल्लेबाजों की तारीफ की और भारत में खेलने के अनुभव को खास बताया।


अहमदाबाद के ऐतिहासिक नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए T20 विश्व कप 2026 के रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने नीदरलैंड्स को 17 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस हार के साथ ही नीदरलैंड्स का विश्व कप अभियान समाप्त हो गया। मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में नीदरलैंड्स के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने भारतीय बल्लेबाजों की जमकर तारीफ की और स्वीकार किया कि भारत में खेलना एक अलग और सीखने वाला अनुभव होता है।

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड्स की टीम ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन 20 ओवर में 7 विकेट खोकर केवल 176 रन ही बना सकी और मैच 17 रनों से हार गई।

नीदरलैंड्स के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने अपने गेंदबाजों की सराहना करते हुए खास तौर पर स्पिनर आर्यन दत्त का उल्लेख किया। आर्यन दत्त ने अपने 4 ओवर के स्पेल में केवल 19 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। एडवर्ड्स ने कहा कि उनकी टीम ने शुरुआत में शानदार गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाया, जिससे एक समय ऐसा लगा कि वे मैच पर पकड़ बना चुके हैं।

हालांकि, मैच के अंतिम ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 118 रन था, लेकिन इसके बाद शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन जोड़े और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

एडवर्ड्स ने स्वीकार किया कि भारतीय बल्लेबाजी लाइनअप बेहद मजबूत है और उनके पास शानदार फायरपावर है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने शुरुआती ओवरों में अच्छा नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन फील्डिंग में हुई गलतियों और छोड़े गए कैच का उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को मौका मिलता है, तो वे उसका पूरा फायदा उठाते हैं।

अपने विश्व कप अनुभव के बारे में बात करते हुए स्कॉट एडवर्ड्स ने कहा कि भारत में खेलना हमेशा एक खास अनुभव होता है। यहां की परिस्थितियां, पिच और दर्शकों का माहौल उनके देश से काफी अलग है। उन्होंने कहा कि भारत में खेलकर उनकी टीम ने बहुत कुछ सीखा है, लेकिन महत्वपूर्ण मौकों पर दबाव को संभालने में वे असफल रहे।

नीदरलैंड्स ने इस टूर्नामेंट में कुल चार मैच खेले, जिसमें उन्हें केवल एक जीत मिली और वे ग्रुप A में चौथे स्थान पर रहकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

आगे पढ़े: IND vs PAK: भारत-पाक मैच से पहले पूर्व पाक क्रिकेटर ने अभिषेक शर्मा को बताया ‘स्लॉगर’, तकनीक पर उठाए सवाल