IND vs PAK: भारत-पाक मैच से पहले पूर्व पाक क्रिकेटर ने अभिषेक शर्मा को बताया ‘स्लॉगर’, तकनीक पर उठाए सवाल

T20 World Cup 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले से पहले बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ Mohammad Amir ने भारतीय ओपनर Abhishek Sharma की बल्लेबाज़ी तकनीक पर सवाल खड़े करते हुए उन्हें ‘स्लॉगर’ करार दिया है।

भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें ग्रुप-A में शामिल हैं और अब तक अपने-अपने शुरुआती दो मैच जीत चुकी हैं। ऐसे में 15 फरवरी को होने वाला यह मुकाबला ग्रुप की टॉप पोज़िशन तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। इसी बड़े मैच से पहले आमिर ने एक टीवी शो के दौरान कहा कि अभिषेक शर्मा में निरंतरता की कमी है और वे तकनीकी रूप से मज़बूत बल्लेबाज़ नहीं हैं।

मोहम्मद आमिर के अनुसार,

“अभिषेक शर्मा हर गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करता है। अगर बल्ले से कनेक्शन हो गया तो रन बनते हैं, लेकिन चूक होने पर वे जल्दी आउट हो जाते हैं। वह 8 में से सिर्फ 1 पारी में बड़ा स्कोर करता है, बाकी मैचों में 10-15 या फिर शून्य पर आउट हो जाता है।”

आमिर ने आगे कहा कि अभिषेक हाई-रिस्क क्रिकेट खेलते हैं और उन्हें आउट करने के लिए गेंदबाज़ों को शरीर की ओर गेंद, डीप कवर पर फील्डर और स्लोअर बॉल का इस्तेमाल करना चाहिए।

हालांकि, आलोचकों का मानना है कि आमिर शायद यह भूल गए हैं कि अभिषेक शर्मा मौजूदा समय में आईसीसी रैंकिंग में दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज़ हैं। यह उपलब्धि उन्होंने किसी एक पारी के प्रदर्शन से नहीं, बल्कि लगातार प्रभावशाली खेल के दम पर हासिल की है।

खुद अभिषेक शर्मा भी इस चुनौती से वाकिफ़ हैं। उन्होंने हाल ही में कहा था कि टी20 वर्ल्ड कप में गेंदबाज़ उन्हें कम गति की गेंदें और विविधता के साथ चुनौती देंगे, जिसके लिए वे पहले से तैयारी कर रहे हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि India vs Pakistan के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में अभिषेक शर्मा अपने प्रदर्शन से आलोचनाओं का जवाब कैसे देते हैं।

आगे पढ़े: राजकोट भाजपा उपाध्यक्ष सोमाभाई भालिया का वीडियो वायरल, श्रद्धा बनाम अंधविश्वास पर बहस तेज