IND vs PAK T20 World Cup: पाकिस्तान से भिड़ने उतरेगी भारत की मजबूत Playing 11, स्पिनरों पर रहेगा दांव

कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आज भारत और पाकिस्तान के बीच ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 का बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी हुई हैं। दोनों टीमों की नजरें जीत की हैट्रिक पर होंगी, जबकि हारने वाली टीम को टूर्नामेंट में पहला झटका लग सकता है।

कोलंबो की पिच पारंपरिक रूप से स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। ऐसे में भारतीय टीम तीन स्पिनरों के साथ मैदान में उतर सकती है। कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती की तिकड़ी पाकिस्तान के मध्यक्रम के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या संभाल सकते हैं, जबकि शिवम दुबे तीसरे पेस विकल्प के रूप में मौजूद रहेंगे।

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया है कि युवा ओपनर अभिषेक शर्मा पूरी तरह फिट हैं और इस मुकाबले में खेल सकते हैं। अभिषेक की वापसी से टीम को आक्रामक शुरुआत मिलने की उम्मीद है। वहीं, विकेटकीपर के रूप में ईशान किशन टीम का हिस्सा रहेंगे।

पूर्व भारतीय खिलाड़ी और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा के अनुसार, स्पिन-अनुकूल पिच को देखते हुए अर्शदीप सिंह को प्लेइंग 11 से बाहर रखा जा सकता है और कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है। टीम मैनेजमेंट का लक्ष्य पाकिस्तान के बल्लेबाजों को स्पिन जाल में फंसाना होगा।

भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने भी पाकिस्तान के खिलाफ खास रणनीति तैयार की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय गेंदबाज बाबर आज़म को जल्दी आउट करने के बजाय उन्हें रन बनाने से रोकने की रणनीति अपना सकते हैं, ताकि पाकिस्तान का रन रेट धीमा रहे।

IND vs PAK: भारत-पाक मैच से पहले पूर्व पाक क्रिकेटर ने अभिषेक शर्मा को बताया ‘स्लॉगर’, तकनीक पर उठाए सवाल

इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन अली ने भी भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव को पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि सूर्यकुमार किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं, जबकि बुमराह और कुलदीप अपनी गेंदबाजी से मैच जिताने की क्षमता रखते हैं।

टी20 वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ बेहद मजबूत रहा है। दोनों टीमें अब तक 8 बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें भारत ने 7 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को केवल एक जीत मिली है।

आज के इस मुकाबले में भारत की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार हो सकती है:
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर भारतीय स्पिनर अपनी लय में रहे, तो पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला काफी कठिन साबित हो सकता है।

आगे पढ़े: महाशिवरात्रि: शिव आराधना से मिलता है सुख, शांति और संकटों से मुक्ति का वरदान