किश्तवाड़ में मुठभेड़: जैश के 3 आतंकी घिरे, 1 जवान शहीद

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार को सुरक्षा बलों और पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ जिले के सिंगपोरा इलाके में हुई, जहां आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक भारतीय जवान शहीद हो गया, जबकि सात अन्य जवान घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों के अनुसार, रविवार को चतुरु पट्टा क्षेत्र के मंडराल-सिंगपोरा मार्ग के पास सोनार गांव में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

हालांकि, इलाके का भू-भाग बेहद कठिन होने के कारण अभियान में चुनौतियां सामने आईं। घने जंगल, खड़ी ढलान और कम दृश्यता के चलते रविवार देर रात ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि रात भर इलाके की घेराबंदी बनाए रखने के बाद सोमवार सुबह से सर्च ऑपरेशन दोबारा शुरू किया गया। सुरक्षा बल ड्रोन और स्निफर डॉग्स की मदद से जंगलों में तलाशी अभियान चला रहे हैं, ताकि आतंकी भाग न सकें।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े करीब 2 से 3 आतंकवादी इलाके में फंसे हुए हैं। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया है। फिलहाल आतंकियों के साथ कोई नया संपर्क नहीं हुआ है, लेकिन ऑपरेशन जारी है।

आगे पढ़े:5 दिनों में सेंसेक्स 2100 अंक टूटा, निवेशकों के अरबों रुपये स्वाहा