PM Modi in Ghana: पीएम मोदी बोले- लोकतंत्र हमारे लिए सिस्टम नहीं, संस्कार है

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घाना की संसद को संबोधित करते हुए भारत और घाना के मजबूत और ऐतिहासिक रिश्तों को नया आयाम दिया। दो दिवसीय घाना यात्रा के दौरान पीएम मोदी को घाना के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया गया। संसद में अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि घाना में होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने घाना को लोकतंत्र की सच्ची मिसाल बताया और वहां की गर्मजोशी और मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं की सराहना की।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और घाना दोनों समावेशी विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए लोकतंत्र केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि संस्कार है। भारत में 2500 से अधिक राजनीतिक दल और 20 अलग-अलग राज्य सरकारें, यह दर्शाते हैं कि भारत में लोकतंत्र कितनी गहराई से जुड़ा है।

उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान भारत द्वारा विभिन्न देशों को वैक्सीन भेजने का जिक्र करते हुए बताया कि भारत हमेशा सबके भले की बात करता है और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चलता है।

जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद और साइबर सुरक्षा जैसी वैश्विक चुनौतियों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूती देना जरूरी है। उन्होंने अफ्रीकी संघ के जी-20 में स्थायी सदस्य बनने को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सभी सांसदों को भारत की नई संसद भवन देखने का निमंत्रण भी दिया और बताया कि भारत ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित करने का साहसिक कदम उठाया है।

पीएम मोदी का यह ऐतिहासिक संबोधन भारत और घाना के रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संदेश देता है।