रोहतक/सिरसा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। हरियाणा सरकार ने उसे रक्षाबंधन से ठीक पहले 40 दिन की पैरोल दी है। शनिवार सुबह 6:30 बजे राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल से भारी सुरक्षा के बीच सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के लिए रवाना हुआ। बताया जा रहा है कि वह 15 अगस्त को अपना जन्मदिन भी डेरे में मनाएगा।
पैरोल पर बार-बार बाहर आना बना चर्चा का विषय
राम रहीम के लिए जेल से बाहर आना अब कोई नई बात नहीं रही। यह 14वीं बार है जब उसे जेल से बाहर पैरोल या फरलो दी गई है। इससे पहले अप्रैल 2025 में भी उसे 21 दिन की फरलो दी गई थी, जब डेरा सच्चा सौदा का स्थापना दिवस मनाया गया था। फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले भी राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली थी। हर बार की तरह इस बार भी सरकार के इस फैसले पर विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने सवाल उठाए हैं।
किस अपराध में सजा काट रहा है राम रहीम?
गौरतलब है कि सिरसा डेरा प्रमुख राम रहीम को अगस्त 2017 में पंचकूला की सीबीआई अदालत ने दोषी करार दिया था। उस पर अपने ही डेरे की दो साध्वियों के यौन शोषण का आरोप साबित हुआ, जिसके लिए कोर्ट ने उसे 20 साल की सजा सुनाई। इसके अलावा, पत्रकार हत्याकांड में भी राम रहीम को दोषी ठहराया गया था। इन दोनों मामलों में सजा के बाद वह रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है।
सिरसा डेरे में रहेगा, बागपत से दूरी
हाल ही में दूसरी बार पैरोल मिलने के बाद राम रहीम सिरसा डेरे के लिए रवाना हुआ है। इससे पहले वह पैरोल पर बाहर आने के बाद अधिकतर समय उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित बरनावा आश्रम में बिताता था। इस बार वह सिरसा डेरे में ही रुकेगा, जहां अनुयायियों ने भव्य स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बार-बार पैरोल पर उठ रहे सवाल
राम रहीम की बार-बार पैरोल मिलने को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि सरकार वोट बैंक की राजनीति के चलते राम रहीम को बार-बार जेल से बाहर निकाल रही है। सामाजिक संगठनों का भी कहना है कि एक बलात्कार और हत्या के दोषी को बार-बार पैरोल पर छोड़ा जाना न्याय व्यवस्था के साथ खिलवाड़ है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राम रहीम की रिहाई को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सुनारिया जेल से लेकर सिरसा डेरा सच्चा सौदा तक पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।

