सुनेत्रा पवार NCP की नई राष्ट्रीय अध्यक्ष बनीं। अजित पवार के निधन के बाद सर्वसम्मति से लिया गया फैसला, पार्टी में नए नेतृत्व की शुरुआत।
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सुनेत्रा पवार को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया और उनके नाम का प्रस्ताव पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने रखा था।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई थी। अजित पवार का 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था, जिससे पार्टी और उनके समर्थकों को गहरा झटका लगा था।
प्रफुल्ल पटेल ने बैठक के दौरान कहा कि अजित पवार के निधन के बाद पार्टी के सामने नेतृत्व को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लेना जरूरी था। उन्होंने कहा कि अब पार्टी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में आगे बढ़ेगी और संगठन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।
सुनेत्रा पवार पहले ही महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले चुकी हैं। उन्होंने 31 जनवरी को राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। इसके बाद से वह लगातार प्रशासनिक और राजनीतिक जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
पार्टी की बैठक में सुनील तटकरे, छगन भुजबळ, प्रफुल्ल पटेल, पार्थ पवार और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार, सुनेत्रा पवार के पुत्र पार्थ पवार को भी भविष्य में पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की स्थापना शरद पवार ने पी.ए. संगमा और तारिक अनवर के साथ मिलकर की थी। अब लगभग 26 साल बाद सुनेत्रा पवार पार्टी की पहली महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष बनी हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पार्टी एक नए दौर में प्रवेश करेगी और संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी चुनावों की तैयारी भी तेज करेगी।
आगे पढ़े: ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के 10 जरूरी टिप्स, वरना खाली हो सकता है आपका बैंक अकाउंट

