अमेरिका और रूस के राष्ट्रपति 15 अगस्त को अलास्का में मुलाकात करने वाले हैं, जहां रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के संभावित तरीकों पर चर्चा होगी। बैठक से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को सख्त चेतावनी दी है।
ट्रंप ने कहा कि यदि पुतिन यूक्रेन में युद्धविराम पर सहमत नहीं होते हैं, तो रूस को अतिरिक्त अमेरिकी प्रतिबंधों और गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह बाइडन का युद्ध है। मैंने इससे पहले पांच युद्ध को समाप्त करवाया है। मैं रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करना चाहता हूं।”
जब मीडियाकर्मी ने पूछा कि अगर बातचीत के बाद भी पुतिन युद्ध समाप्त नहीं करते तो क्या परिणाम होंगे, इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, “हां, इसके परिणाम होंगे। मुझे (परिणामों के प्रकार के बारे में) कुछ कहने की जरूरत नहीं है। इसके बहुत गंभीर परिणाम होंगे।”
ट्रंप ने आगे कहा कि यदि पुतिन युद्धविराम पर सहमत नहीं होते, तो रूस को “बुरे परिणाम” भुगतने होंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अमेरिका ने पहले ईरान की परमाणु क्षमता को नष्ट कर दिया है।
ट्रंप ने संकेत दिया कि अगर पुतिन के साथ पहली बैठक सकारात्मक रहती है, तो जल्द ही दूसरी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें उनके साथ यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की भी शामिल होंगे।

