IPL 2026 से पहले वैभव सूर्यवंशी ने DY पाटिल T20 में 14 गेंदों में फिफ्टी लगाई। 19 गेंदों में 63 रन की विस्फोटक पारी से मचाया धमाल।
IPL 2026 से पहले युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। DY पाटिल T20 टूर्नामेंट में खेलते हुए वैभव ने मात्र 14 गेंदों में अर्धशतक जड़कर शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया। उनकी यह पारी राजस्थान रॉयल्स के लिए आगामी IPL सीजन से पहले बेहद सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।
DY पाटिल ब्लू टीम की ओर से खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन नेवी के खिलाफ मैच में धमाकेदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में 331.58 के स्ट्राइक रेट से 63 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 5 छक्के निकले। वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और पहले 12 गेंदों में 43 रन बना लिए। इसके बाद उन्होंने एक छक्का और एक चौका लगाकर केवल 14 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
मैच की बात करें तो इंडियन नेवी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। टीम के लिए ओपनर कुणवर पाठक ने 53 गेंदों में 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से 87 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, नितिन तनवर ने भी 57 रन का योगदान दिया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी DY पाटिल ब्लू की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 225 रन बना लिए और मैच जीत लिया। वैभव सूर्यवंशी के अलावा अर्जुन तेंदुलकर ने भी 29 गेंदों में 55 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी इससे पहले भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर चुके हैं। IPL 2025 में उन्होंने मात्र 35 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया था। इसके साथ ही वह IPL इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए थे। उस समय उनकी उम्र केवल 14 वर्ष और 32 दिन थी। IPL 2026 से पहले उनका यह शानदार फॉर्म राजस्थान रॉयल्स और उनके प्रशंसकों के लिए बेहद उत्साहजनक है।
आगे पढ़े: IND vs NED: हार के बाद स्कॉट एडवर्ड्स का बड़ा बयान, ‘भारत आकर बहुत कुछ सीखने को मिला’

