भारत सहित दुनिया भर में X (ट्विटर) हुआ डाउन, यूजर्स परेशान

भारत सहित कई देशों में X (ट्विटर) अचानक डाउन हो गया। यूजर्स को टाइमलाइन और एप्लिकेशन एक्सेस करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) सोमवार शाम अचानक डाउन हो गया, जिससे भारत सहित दुनिया भर के लाखों यूजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट DownDetector के अनुसार, बड़ी संख्या में यूजर्स ने एप्लिकेशन, वेबसाइट और टाइमलाइन लोड न होने की शिकायत दर्ज कराई।

DownDetector के आंकड़ों के मुताबिक, शाम 6:53 बजे तक लगभग 52 प्रतिशत यूजर्स को एप्लिकेशन उपयोग करने में समस्या आ रही थी। वहीं, 21 प्रतिशत यूजर्स को फीड और टाइमलाइन लोड करने में परेशानी हुई, जबकि 17 प्रतिशत यूजर्स ने वेबसाइट एक्सेस करने में तकनीकी दिक्कत की सूचना दी।

यूजर्स के अनुसार, X की वेबसाइट और मोबाइल एप्लिकेशन दोनों पर कंटेंट लोड नहीं हो रहा था। कई लोगों को केवल खाली स्क्रीन या एरर मैसेज दिखाई दे रहा था, जिससे वे अपडेट पोस्ट या देख नहीं पा रहे थे। इस कारण सोशल मीडिया पर यूजर्स ने अन्य प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी नाराजगी भी जाहिर की।

यह समस्या केवल भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और अन्य कई देशों में भी यूजर्स ने इसी तरह की शिकायतें दर्ज कराईं। इससे साफ है कि यह एक ग्लोबल सर्वर आउटेज था।

हालांकि, इस तकनीकी समस्या को लेकर X की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कंपनी ने न तो आउटेज का कारण बताया है और न ही यह स्पष्ट किया है कि सेवा पूरी तरह कब तक सामान्य होगी।

गौरतलब है कि X दुनिया के सबसे प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स में से एक है, जिसका उपयोग समाचार, जानकारी, और संचार के लिए बड़े पैमाने पर किया जाता है। ऐसे में प्लेटफॉर्म के डाउन होने से यूजर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और मीडिया संस्थानों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।

इससे पहले भी कई बार X को तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा है, जिससे यूजर्स की पहुंच और संचार प्रभावित हुआ था। फिलहाल यूजर्स को कंपनी के आधिकारिक अपडेट का इंतजार है।

आगे पढ़े: सूर्यकुमार यादव का कुलदीप को खास संदेश: “भाई, गुस्सा छोड़ दो”, वायरल रील से खत्म हुई विवाद की चर्चा