
राजकोट: गुजरात के राजकोट शहर से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने एक आरोपी पर चार वर्षों तक शारीरिक और मानसिक शोषण, धमकी और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार, इस घटना की शुरुआत लगभग चार साल पहले हुई थी। उस समय महिला मंदिर जाने के लिए एक ऑटो रिक्शा में बैठी थी। आरोप है कि रिक्शा चालक ने पहले किराया तय किया, लेकिन बाद में “मंदिर के लिए पैसे नहीं लूंगा” कहकर महिला के घर तक पहुंच गया।
महिला का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद आरोपी ने उसे धमकाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और इस घटना का वीडियो भी बना लिया। इसी वीडियो के आधार पर आरोपी ने महिला को लगातार ब्लैकमेल किया और लंबे समय तक उसका शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे मारपीट करता था और गंभीर यातनाएं देता था। इस उत्पीड़न से बचने के लिए महिला ने चार वर्षों में कई बार अपना घर और मोबाइल नंबर बदला, लेकिन आरोपी उसका पीछा करता रहा।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अपने साथियों के माध्यम से उसकी हर गतिविधि पर नजर रखता था। आरोपी उसे बार-बार धमकी देता था कि “कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
आखिरकार पीड़िता ने विश्व हिन्दू परिषद से संपर्क किया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: बारडोली नगर पालिका चुनाव: EVM सील, तैयारियां पूरी