
भारत के रेलवे इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। केंद्र सरकार ने गुजरात के अहमदाबाद-धोलेरा सेमी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। यह देश की पहली स्वदेशी सेमी हाई-स्पीड रेल परियोजना होगी, जिसे पूरी तरह भारतीय तकनीक के आधार पर विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को केंद्रीय आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (CCEA) से स्वीकृति मिल चुकी है।
करीब 20,667 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह रेल कॉरिडोर गुजरात की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। अहमदाबाद के सरखेज से धोलेरा तक चलने वाली यह ट्रेन 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेगी। परियोजना पूरी होने के बाद अहमदाबाद से धोलेरा तक का सफर 48 मिनट में पूरा हो जाएगा, जबकि सरखेज से धोलेरा की दूरी केवल 34 मिनट में तय की जा सकेगी।
134 किलोमीटर लंबे इस डबल लाइन रेल कॉरिडोर को आधुनिक तकनीक से तैयार किया जाएगा। इसकी डिजाइन स्पीड 220 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है। इस रूट पर कुल 13 स्टेशन बनाए जाएंगे, जहां यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट के लिए तैयार होने वाले कोच ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत भारत में ही बनाए जाएंगे।
सरकार के अनुसार, इस परियोजना के लिए लगभग 80 प्रतिशत जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि बाकी जमीन का अधिग्रहण तेजी से जारी है। अगले चार वर्षों में इस परियोजना को पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह रेल कॉरिडोर केवल यात्रियों के लिए ही नहीं, बल्कि माल परिवहन के लिए भी बेहद अहम साबित होगा। धोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन (SIR) और निर्माणाधीन धोलेरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को इस रेल नेटवर्क से बड़ा लाभ मिलेगा। उद्योगों को तेज परिवहन सुविधा मिलने से लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी और व्यापार को नई गति मिलेगी।
सरकारी अनुमान के मुताबिक, इस परियोजना से 284 गांवों और करीब 5 लाख लोगों को सीधा फायदा होगा। बेहतर रेल संपर्क से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
रेल मंत्रालय का मानना है कि अहमदाबाद-धोलेरा सेमी हाई-स्पीड रेल परियोजना भविष्य में देश के अन्य हिस्सों में बनने वाले सेमी हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के लिए मॉडल साबित होगी। यह परियोजना भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें: ज्वेलर्स दुकान में लाखों की चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, दो केसों का खुलासा