
अहमदाबाद में AMC के हेल्थ विभाग ने नरोडा-निकोल क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली घी बनाने वाली अवैध इकाई का भंडाफोड़ किया है। यह छापेमारी नरोडा के निकोल इलाके स्थित रॉयल बंगलोज़ में की गई, जहां बिना किसी वैध अनुमति के नकली घी का उत्पादन किया जा रहा था।
हेल्थ विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जब टीम ने मौके पर जांच की, तो पाया गया कि एक आवासीय मकान की पहली मंजिल पर वाणिज्यिक स्तर पर नकली घी तैयार किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि संचालक वेजिटेबल फैट और पामोलिन तेल का मिश्रण कर “मंगलमूर्ति” ब्रांड के नाम से इसे शुद्ध देसी घी के रूप में पैक कर बाजार में बेच रहा था।
अधिकारियों ने यह भी पाया कि इस अवैध कारोबार के लिए Food Safety and Standards Authority of India का कोई लाइसेंस या पंजीकरण नहीं लिया गया था। पैकेजिंग पर एक अन्य फूड कंपनी का नाम मैन्युफैक्चरर के रूप में दर्शाया गया था, जबकि उस पर अंकित लाइसेंस नंबर भी एक्सपायर हो चुका था।
छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 400 किलोग्राम नकली घी जब्त किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.60 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में खाली डिब्बे, लेबल, पैकिंग सामग्री और उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जैसे गैस सिलेंडर, बर्तन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
अधिकारियों ने जब्त घी के सैंपल को जांच के लिए पब्लिक हेल्थ लैब में भेज दिया है। हेल्थ विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ FSSAI Act और GPMC एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: अंबाजी: चुनाव से पहले अंबाजी बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा, सघन चेकिंग शुरू