
अहमदाबाद: शहर के श्यामल चार रास्ता के पास स्थित सांगरिला-2 कॉम्प्लेक्स में सोमवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत एक एसी यूनिट से हुई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग धीरे-धीरे फैलते हुए बिल्डिंग के चौथे माले तक पहुंच गई।

घटना के समय बिल्डिंग में स्थित जिम, बैंक और दुकानों में कई लोग मौजूद थे। आग और धुएं के कारण चौथे माले पर मौजूद लोग फंस गए थे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
फायर विभाग की 8 से 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगातार पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया और फिलहाल कूलिंग की प्रक्रिया जारी है।
इस हादसे में कॉम्प्लेक्स के पार्किंग क्षेत्र में खड़े 15 से अधिक दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर पर स्थित बैंक, एटीएम और कई दुकानों को भी भारी नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि एटीएम में रखी नकदी भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग नीचे के हिस्से से शुरू होकर ऊपर की ओर तेजी से फैली। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। फायर विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
सौभाग्य से इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।
ये भी पढ़ें: गुजरात निकाय चुनाव 2026: 9,292 सीटों पर मतदान, EVM में कैद होगा भविष्य