
अहमदाबाद: गुजरात का मनोरंजन उद्योग अब एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। प्रसिद्ध कलाकार पार्थिव गोहिल, मानसी पारेख और उद्योगपति धवल ठक्कर की तिकड़ी ने मिलकर कई नए और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स की घोषणा की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाना और कलाकारों को एक सशक्त प्लेटफॉर्म प्रदान करना है।
इस घोषणा का सबसे बड़ा आकर्षण ‘गुजरात सेलिब्रिटी क्रिकेट प्रीमियर लीग’ (GCPL) है। गुजरात में पहली बार मनोरंजन जगत के सितारे और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स एक साथ क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। चार टीमों के बीच होने वाले इस टूर्नामेंट को लेकर दर्शकों में अभी से उत्साह देखा जा रहा है। टीमों और खिलाड़ियों की आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
इसके साथ ही SOUL SUTRA और R.D. Brothers द्वारा ‘फिल्मवाले’ (Filmwale) नामक एक डिजिटल ऐप भी लॉन्च किया गया है। यह ऐप फिल्म इंडस्ट्री के रोजमर्रा के कामकाज को आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है। शूटिंग प्लानिंग से लेकर कलाकारों और तकनीशियनों के समन्वय तक की जटिल प्रक्रियाओं को यह प्लेटफॉर्म डिजिटल और पारदर्शी बनाता है।
‘फिल्मवाले’ प्लेटफॉर्म इंडस्ट्री के विभिन्न पहलुओं को एक जगह जोड़ता है। इसमें 450 से अधिक शूटिंग लोकेशन्स का एक्सेस उपलब्ध है, जिससे लोकेशन खोजने की प्रक्रिया तेज और आसान हो जाती है। साथ ही, इसमें कलाकारों का विस्तृत टैलेंट पूल मौजूद है, जिसमें उनके प्रोफाइल और पिछले कार्यों की जानकारी उपलब्ध रहती है।
ब्रांडिंग के क्षेत्र में भी यह प्लेटफॉर्म 150 से अधिक ब्रांड्स के साथ जुड़ा हुआ है, जिससे फिल्मों में इन-फिल्म ब्रांड इंटीग्रेशन और पार्टनरशिप को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, 150 से अधिक निवेशकों का नेटवर्क फिल्मों को फंडिंग और बड़े स्तर पर विस्तार देने में मदद करेगा।
सिर्फ तकनीक और खेल ही नहीं, बल्कि कंटेंट के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। प्रोडक्शन हाउस जल्द ही आने वाली फिल्मों की एक बड़ी लाइन-अप की घोषणा करेगा, जिसमें स्टारकास्ट और निर्देशकों का भी परिचय कराया जाएगा।
यह पहल गुजरात के मनोरंजन उद्योग को अधिक संगठित, सहयोगी और गतिशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यह कार्यक्रम अहमदाबाद के DoubleTree by Hilton में आयोजित किया गया, जहां मनोरंजन और व्यापार जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
ये भी पढ़ें: सूरत जिले कडोद-1 सीट पर बड़ा सियासी मोड़, निर्दलीय का BJP को समर्थन