
अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने एक बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी खुद को वित्त मंत्रालय और NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) का अधिकारी बताकर लोगों को ठगते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पीड़ित को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर खुद को सरकारी अधिकारी बताया और भरोसा जीत लिया।
ठगों ने शुरुआत में एलआईसी पॉलिसी के नाम पर ₹10 लाख मिलने का झांसा दिया। इसके बाद उन्होंने टैक्स, स्टांप ड्यूटी और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर कई बार पैसे ट्रांसफर करवाए। धीरे-धीरे उन्होंने पीड़ित को बड़े मुनाफे का लालच दिया।
आरोपियों ने एनपीसीआई फंड ट्रांसफर के नाम पर ₹1.48 करोड़ मिलने का झांसा देकर पीड़ित का विश्वास पूरी तरह जीत लिया। इसके बाद पीड़ित के नाम पर बैंक खाते खुलवाए गए और कुल ₹47 लाख से अधिक की ठगी को अंजाम दिया गया।
अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर इस पूरे गिरोह का पता लगाया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें: अहमदाबाद ग्रामीण LCB की बड़ी कार्रवाई, 4.12 लाख का अवैध शराब जब्त