
आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश युवा अध्यक्ष ब्रिजराज सोलंकी ने गुजरात में बढ़ते नशे के मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी से तत्काल इस्तीफे की मांग की है।
ब्रिजराज सोलंकी ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि गुजरात, जो महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल की भूमि है, वहां दारूबंदी के बावजूद नशे का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि गुजरात विधानसभा में पेश आंकड़ों के अनुसार राज्य में 14 लाख से अधिक लोग नशीले पदार्थों के आदी हो चुके हैं, जिनमें 12 लाख पुरुष और 2 लाख से अधिक महिलाएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अहमदाबाद सहित राज्य के कई शहरों—जैसे राजकोट, जामनगर और भावनगर—में रिहैबिलिटेशन सेंटर्स में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अहमदाबाद में हर महीने लगभग 600 से 700 लोग इलाज के लिए पंजीकरण करवा रहे हैं, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।
AAP नेता ने आगे कहा कि पिछले दो वर्षों में गुजरात में 3,162 किलोग्राम ड्रग्स जब्त किया गया है, जबकि एक वर्ष में करीब 260 करोड़ रुपये की देशी और विदेशी शराब पकड़ी गई है। इसके बावजूद नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुंद्रा, हजीरा, पोरबंदर और पिपावाव जैसे पोर्ट ड्रग्स के प्रवेश द्वार बन चुके हैं और राज्य ड्रग्स माफियाओं के लिए सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है। सोलंकी ने कहा कि ड्रग्स पकड़े जाने के बावजूद इसके पीछे के मुख्य आरोपियों तक पहुंचने में सिस्टम पूरी तरह विफल रहा है।
ब्रिजराज सोलंकी ने यह भी आरोप लगाया कि भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों और नेताओं की मिलीभगत के कारण ड्रग्स का व्यापार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आम आदमी पार्टी पूरे गुजरात में आंदोलन करेगी।
ये भी पढ़ें: गिर सोमनाथ में मौसम बदला, तुलसीश्याम में बेमौसम बारिश