
अप्रैल का महीना खत्म होने को है, लेकिन गुजरात में गर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। ऐसा लग रहा है मानो आसमान से आग बरस रही हो। राज्य के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच चुनाव के दिन भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा।
मौसम विशेषज्ञ अंबालाल पटेल ने चेतावनी दी है कि 28 अप्रैल तक राज्य में तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा। खासकर सौराष्ट्र, उत्तर गुजरात, मध्य गुजरात और दक्षिण गुजरात में तापमान 43 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले 24 घंटों में अमरेली में 43.3°C, राजकोट में 43.1°C और सुरेंद्रनगर में 43°C तापमान दर्ज किया गया। वहीं अहमदाबाद में तापमान 42.1°C तक पहुंच चुका है।
चुनाव के दिन अहमदाबाद में तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट के बाद ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्यभर में औसत तापमान 41 से 44 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
हालांकि, इस भीषण गर्मी के बीच एक राहत की खबर भी सामने आई है। अंबालाल पटेल के अनुसार, 29 अप्रैल से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। मई की शुरुआत में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो सकती हैं, जिससे कुछ क्षेत्रों में बारिश और तापमान में गिरावट की संभावना है।
इसके प्रभाव से राजस्थान और गुजरात के सीमावर्ती इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: वस्त्राल की क्रिस्टल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में मतदान जागरूकता अभियान