
गांधीनगर। गुजरात सरकार 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्य स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम गांधीनगर जिले के मनसा तालुका में आयोजित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल करेंगे। इस कार्यक्रम में 4,000 से अधिक नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में गुजरात में भी योग दिवस को विशेष उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रखी गई है। इस थीम के तहत राज्यभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक 10 से अधिक बड़े कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जबकि योग दिवस तक पूरे गुजरात में लगभग 24,000 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यभर के स्कूलों, कॉलेजों, कॉर्पोरेट कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, उद्यानों और सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष 1.25 करोड़ से अधिक नागरिक योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण और योग गतिविधियों में भाग लेंगे।
हर्ष संघवी ने जानकारी दी कि 14 जून से 20 जून तक पूरे गुजरात में ‘योग सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इस दौरान सफाई कर्मियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और किसानों जैसे विभिन्न वर्गों के लिए विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कुल 12 विशेष कार्यक्रमों में से 10 कार्यक्रम पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष दो कार्यक्रम आगामी दिनों में संपन्न होंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य की सभी 17 महानगरपालिकाओं, 33 जिलों, सभी तालुकाओं, नगरपालिकाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में एक ही समय पर सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। इसी क्रम में गुरुवार सुबह गांधीनगर स्थित गिफ्ट सिटी में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में 5,000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि योग आज भारत की सांस्कृतिक पहचान और वैश्विक प्रभाव का प्रतीक बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं के दौरान भी विदेशी नागरिकों द्वारा योग के माध्यम से उनका स्वागत किया गया, जो योग की बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि दुनिया भर में भारतीय योग प्रशिक्षकों की मांग तेजी से बढ़ रही है और कई देशों में उनके लिए आकर्षक रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। गुजरात योग बोर्ड भी नागरिकों को नियमित योग के लिए प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्होंने गुजरात योग बोर्ड और उसकी पूरी टीम को बधाई दी।
ये भी पढ़ें: गुजरात में अगले दो दिन गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना, कई जिलों में अलर्ट