
उत्तर रेलवे के जम्मू मण्डल में चल रहे इंजीनियरिंग कार्यों के कारण अहमदाबाद मण्डल से संचालित एवं गुजरने वाली कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे रेल मार्ग पर कार्य सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, कुछ ट्रेनों को शॉर्ट ओरिजिनेट और शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। ट्रेन संख्या 19415 साबरमती–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 31 मई 2026 तक अमृतसर स्टेशन पर ही समाप्त होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 19416 श्री माता वैष्णो देवी कटरा–साबरमती एक्सप्रेस 2 जून 2026 तक अमृतसर स्टेशन से ही प्रारम्भ होगी।
इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 19223 साबरमती–जम्मू तवी एक्सप्रेस 14 जून 2026 तक फिरोजपुर कैंट स्टेशन पर समाप्त होगी, जबकि ट्रेन संख्या 19224 जम्मू तवी–साबरमती एक्सप्रेस 15 जून 2026 तक फिरोजपुर कैंट स्टेशन से ही संचालित होगी।
इसके अलावा, कुछ ट्रेनों को पूर्णतः निरस्त भी किया गया है। ट्रेन संख्या 19107 भावनगर टर्मिनस–एमसीटीएम ऊधमपुर जन्मभूमि एक्सप्रेस 31 मई 2026 तक रद्द रहेगी, जबकि ट्रेन संख्या 19108 एमसीटीएम ऊधमपुर–भावनगर टर्मिनस जन्मभूमि एक्सप्रेस 1 जून 2026 तक निरस्त रहेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों के समय, ठहराव और अन्य जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर अवश्य जांच करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें: गुजरात निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, नरेंद्र सिंह पुरोहित की अहम भूमिका