
अहमदाबाद के जुहापुरा इलाके में एक मामूली इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें 19 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना क्षेत्र में सनसनी फैलाने वाली साबित हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक मोहम्मद सालीक पर तीन आरोपियों ने आयशा मस्जिद के पास घात लगाकर हमला किया। हमलावरों ने उसे घेर लिया और चाकू से कई वार किए। इस हमले में सालीक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यह हमला रमज़ान के दौरान हुए पुराने झगड़े की रंजिश के चलते किया गया था। मुख्य आरोपी रियान उर्फ ‘500’ ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान एक आरोपी ने सालीक को पकड़ रखा था, जबकि रियान ने उसके शरीर पर चाकू से वार किए।
घटना के बाद वेजलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रियान पठान को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
ये भी पढ़ें: अहमदाबाद में चुनाव से पहले कड़ी सुरक्षा, पुलिस सतर्क