
आईपीएल 2026 के 64वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मजबूत पकड़ बना ली है। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को शुरुआती ओवरों में ही बड़ा झटका लगा, जब मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की जोड़ी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए शतकीय साझेदारी कर डाली।
जोश इंग्लिस ने मात्र 29 गेंदों में 60 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इंग्लिस को यशराज पुंजा ने बोल्ड कर राजस्थान को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद निकोलस पूरन भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 11 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, दूसरी ओर मिचेल मार्श लगातार आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते रहे और शतक के करीब पहुंच गए।
17 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स का स्कोर 194/2 रहा। मिचेल मार्श 48 गेंदों में 84 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं, जबकि कप्तान ऋषभ पंत 22 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं। राजस्थान के गेंदबाज मार्श को रोकने में संघर्ष करते नजर आए।
यह मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के लिए करो या मरो जैसा माना जा रहा है। टीम 12 मैचों में 12 अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है और प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन टीम जीत के साथ सम्मान बचाने की कोशिश में जुटी है।
राजस्थान की कप्तानी इस मैच में यशस्वी जायसवाल कर रहे हैं, क्योंकि नियमित कप्तान रियान पराग हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हैं। राजस्थान ने इस मुकाबले में तीन बदलाव किए, जबकि लखनऊ ने दो खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया।
मुकाबले में अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या मिचेल मार्श अपना शतक पूरा कर पाएंगे और लखनऊ 220 के पार पहुंच सकेगी या राजस्थान वापसी कर पाएगा।
ये भी पढ़ें: प्रियांश आर्या ने पहली गेंद पर छक्का जड़ रचा इतिहास, IPL में बनाया अनोखा रिकॉर्ड