
अहमदाबाद: शहर के पूर्व क्षेत्र में स्थित जीसीएस (GCS) मेडिकल कॉलेज, अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर ने कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक बड़ी पहल करते हुए अत्याधुनिक रेडिएशन थेरेपी और इन-हाउस PET-CT स्कैन सेंटर की शुरुआत की है। इस नई सुविधा के साथ GCS अस्पताल अब अहमदाबाद का एक प्रमुख कैंसर उपचार केंद्र बन गया है।
अस्पताल के COO डॉ. जगदीश खोयाणी और रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. चिन्मयकुमार प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि GCS अस्पताल अब ऐसा निजी मेडिकल कॉलेज है, जहां कैंपस के भीतर ही PET-CT स्कैन और एडवांस रेडिएशन थेरेपी की सुविधा उपलब्ध है। इससे मरीजों को जांच से लेकर इलाज तक की पूरी प्रक्रिया एक ही स्थान पर मिल सकेगी।
अस्पताल में कैंसर के संपूर्ण उपचार की सुविधा उपलब्ध है, जिसमें PET-CT, सीटी स्कैन, सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडिएशन थेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, टारगेटेड थेरेपी और पेलिएटिव केयर शामिल हैं। इसके लिए 5,400 वर्ग मीटर में फैला एक समर्पित कैंसर केयर कैंपस विकसित किया गया है, जो विशेष रूप से कैंसर मरीजों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
GCS अस्पताल में ‘ट्रूबीम’ (TrueBeam) जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जो कैंसर कोशिकाओं पर सटीक प्रहार कर स्वस्थ ऊतकों को सुरक्षित रखते हुए मरीज की जल्दी रिकवरी में मदद करती है। यहां मेडिकल, सर्जिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के विशेषज्ञों की टीम मरीजों को समग्र उपचार प्रदान कर रही है।
जनहित को ध्यान में रखते हुए, अस्पताल में आयुष्मान भारत (PMJAY) योजना के तहत पात्र मरीजों को कैंसर का पूरा इलाज निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, जिन मरीजों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, उन्हें भी PMJAY के निर्धारित पैकेज रेट के अनुसार रियायती दरों पर उपचार दिया जा रहा है। इसके अलावा, विभिन्न TPA और सरकारी योजनाओं के तहत कैशलेस इलाज की सुविधा भी उपलब्ध है।
इस पहल से अहमदाबाद और आसपास के क्षेत्रों के कैंसर मरीजों को आधुनिक और किफायती उपचार की बड़ी राहत मिलेगी।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में H-1B वीजा पर बड़ा संकट! भारतीय IT प्रोफेशनल्स के लिए खतरे की घंटी