
अहमदाबाद शहर के पॉश इलाके नेहरूनगर में फायरिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर हुए विवाद के दौरान रिटायर्ड DySP अश्विन चौहान द्वारा पांच राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि कथित तौर पर रिटायर्ड पुलिस अधिकारी ने अपनी रिवॉल्वर से लगातार पांच राउंड फायरिंग कर दी। घटना नेहरूनगर के झांसी की रानी बस स्टैंड के पीछे स्थित इलाके में हुई बताई जा रही है।
फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में डर फैल गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं पहुंची और कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही सैटेलाइट पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं। मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। रिटायर्ड पुलिस अधिकारी का नाम सामने आने के बाद यह मामला शहरभर में चर्चा का विषय बन गया है।
ये भी पढ़ें: अहमदाबाद में इबोला वायरस को लेकर अलर्ट, एयरपोर्ट पर यात्रियों की सघन स्क्रीनिंग