
अहमदाबाद ग्रामीण क्षेत्र में स्थानीय स्वराज्य चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार नजर आ रहा है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन द्वारा कुल 1302 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 41 को हाइपर सेंसिटिव, 408 को सेंसिटिव और 853 को सामान्य श्रेणी में रखा गया है। इन सभी बूथों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
चुनाव के दौरान 3251 पुलिसकर्मी, SRP और होमगार्ड जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा 75 मोबाइल पेट्रोलिंग वैन और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग करेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अब तक 5192 प्रिवेंटिव एक्शन लिए गए हैं। साथ ही 1 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध शराब जब्त किया गया है। इसके अलावा 1600 से अधिक लाइसेंसधारी हथियार जमा कराए गए हैं और हजारों वाहनों की जांच की गई है।
सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को रोकने के लिए विशेष टीम तैनात की गई है, जो लगातार निगरानी कर रही है।
इस बार चुनाव में डिजिटल तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। ADR Shield के माध्यम से डिजिटल कमांड और कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है, जहां से रियल टाइम मॉनिटरिंग, गूगल मैपिंग और पेपरलेस प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
सेक्टर मोबाइल टीमें 10 से 15 मिनट के भीतर किसी भी बूथ पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगी। साथ ही मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में केवल मतदाताओं को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
ये भी पढ़ें: AAP में बगावत: केजरीवाल-सिसोदिया का एक्शन प्लान, राघव चड्ढा की बढ़ीं मुश्किलें