
अमरेली जिले में विदेशी शराब की तस्करी के खिलाफ अमरेली SOG ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चलाला के मानावाव गांव में छापा मारकर भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। बताया जा रहा है कि चलाला पुलिस को भनक तक नहीं लगी और अमरेली SOG ने सीधे कार्रवाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, चलाला के आंबरडी रोड पर स्थित मानावाव गांव में एक वाड़ी से विदेशी शराब से भरा कंटेनर ट्रक पकड़ा गया। SOG की टीम ने शराब का कटिंग और सप्लाई होने से पहले ही छापा मारकर पूरा जखीरा कब्जे में ले लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जयराज वाला नाम के शख्स की वाड़ी में कंटेनर ट्रक खड़ा था, जहां से विदेशी शराब की 15,108 बोतलें बरामद की गईं। जब्त शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं कंटेनर ट्रक और अन्य वाहनों समेत कुल 46 लाख रुपये का मुद्दामाल पुलिस ने कब्जे में लिया है।
कार्रवाई के दौरान कंटेनर ट्रक चालक, बोलेरो चालक समेत चार आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि जयराज वाला को अमरेली SOG ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
अमरेली SOG की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और शराब सप्लाई के तार कहां-कहां जुड़े हैं, इसकी जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: बोटाद टाउन पुलिस स्टेशन में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई