
गांधीनगर जिले के कलोल तालुका स्थित सांतेज औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को एक वैक्स (मोम) बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि आसमान में दूर-दूर तक काले धुएं के गुबार दिखाई देने लगे। घटना के बाद फायर विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए “मेजर कॉल” घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सांतेज स्थित फेथ नामक वैक्स निर्माण कंपनी में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने का खतरा पैदा हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर विभाग और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर, अहमदाबाद, कलोल और कड़ी समेत कई शहरों से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर्स लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। आग की भयावहता को देखते हुए पूरे इलाके को सुरक्षा कारणों से सील कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री के अंदर रखे ज्वलनशील पदार्थों और वैक्स के कारण आग तेजी से फैल गई। वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री में मौजूद LPG सिलेंडरों में विस्फोट होने की भी आशंका जताई है, जिससे आग और अधिक भड़क गई। आग की चपेट में आसपास की कई फैक्ट्रियां भी आ गईं।
राहत की बात यह है कि अब तक किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटनास्थल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों के कारण स्थिति और भी संवेदनशील बनी हुई है। पुलिस प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और आम लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।
फिलहाल फायर विभाग की टीमें युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद एफएसएल और संबंधित एजेंसियां जांच शुरू करेंगी।
ये भी पढ़ें: बोटाद टाउन पुलिस स्टेशन में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित