
अगर आप शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव और निवेश जोखिम से परेशान हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। देश की सबसे बड़ी सरकारी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने आम लोगों के लिए दो नई बीमा योजनाएं लॉन्च की हैं। LIC ने “जीवन साथी” सीरीज के तहत LIC New Jeevan Sathi – Single Premium और LIC New Jeevan Sathi – Limited Premium नाम की दो नई योजनाएं पेश की हैं।
इन दोनों योजनाओं की सबसे खास बात यह है कि ये “नॉन-लिंक्ड” और “नॉन-पार्टिसिपेटिंग” योजनाएं हैं। यानी इनका शेयर बाजार से कोई सीधा संबंध नहीं होगा और निवेशकों को बाजार के उतार-चढ़ाव का जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा। ग्राहकों को सुरक्षित निवेश के साथ गारंटीड रिटर्न का लाभ मिलेगा।
LIC New Jeevan Sathi – Single Premium योजना में ग्राहक को केवल एक बार प्रीमियम जमा करना होगा। इसके बाद बार-बार प्रीमियम भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं LIC New Jeevan Sathi – Limited Premium योजना में निवेशकों को सीमित समय तक ही प्रीमियम का भुगतान करना होगा।
LIC के अनुसार, ये दोनों योजनाएं 1 जून 2026 से बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी। कंपनी का कहना है कि ग्राहकों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अधिक सुरक्षित और लचीले निवेश विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन योजनाओं को लॉन्च किया गया है।
इसी के साथ LIC ने वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के शानदार नतीजे भी जारी किए हैं। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 23,467 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 19,039 करोड़ रुपये था। कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए 10 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड की भी घोषणा की है।
LIC का सॉल्वेंसी रेशियो भी बढ़कर 2.35 हो गया है, जो कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति को दर्शाता है। इससे साफ है कि LIC भविष्य की जिम्मेदारियों को पूरा करने में पहले से अधिक सक्षम स्थिति में है।
ये भी पढ़ें: तेल कंपनियों को हर महीने 30 हजार करोड़ की चपत, फिर भी राज्यों को कैसे हो रहा बंपर फायदा? जानिए पूरा गणित