
अहमदाबाद। गुजरात में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में 1 से 5 जुलाई तक दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश की संभावना है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
2 जुलाई के लिए सूरत, नवसारी, डांग, वलसाड, दमन और दादरा एवं नगर हवेली में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अमरेली, भावनगर, भरूच, नर्मदा और तापी जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
पिछले 24 घंटों में गुजरात के 76 से अधिक तालुकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के कई क्षेत्रों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। वलसाड जिले के वापी में सबसे अधिक 5.31 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि जूनागढ़ के भेंसाण में 4.31 इंच और उमरगाम में 3.94 इंच बारिश दर्ज हुई।
मौसम विशेषज्ञ अंबालाल पटेल ने भी 3 से 6 जुलाई के बीच राज्य में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। उनके अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मजबूत मौसम प्रणाली और मध्य प्रदेश के ऊपर बन रहे लो-प्रेशर के कारण गुजरात में व्यापक वर्षा होगी। दक्षिण गुजरात, सौराष्ट्र, महीसागर, पंचमहल, वडोदरा तथा अहमदाबाद के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।
विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने तथा एक साथ सक्रिय दो मौसम प्रणालियों के कारण राज्य में वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है। नर्मदा नदी और विभिन्न बांधों के जलस्तर में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 7 जुलाई तक दक्षिण गुजरात में अति भारी वर्षा की संभावना व्यक्त करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। किसानों और मछुआरों को विशेष सावधानी बरतने, खुले स्थानों, पेड़ों तथा ऊंची इमारतों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
हालांकि जून महीने में राज्य में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई थी, लेकिन अब जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून के जोर पकड़ने से अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में उत्तर गुजरात, कच्छ तथा मध्य गुजरात के कई हिस्सों में भी वर्षा का दायरा बढ़ सकता है।
प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
ये भी पढ़ें: गुजरात में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी