
गुजरात सरकार ने पर्यटन क्षेत्र को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की है। राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसेगीर सोमनाथ, द्वारका और डांग में अत्याधुनिक ‘टूरिस्ट फ्रेंडली पुलिस स्टेशन’ स्थापित किए जाएंगे।
इस योजना को लेकर राज्य के पुलिस प्रमुख Dr. K. L. N. Rao की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्यटन क्षेत्रों में सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
राज्य के नायब मुख्यमंत्री Harsh Sanghavi के मार्गदर्शन में इस परियोजना का पहला चरण शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित और सहज अनुभव प्रदान करना भी है।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जहां पहले से पुलिस चौकियां मौजूद हैं, उन्हें अपग्रेड कर आधुनिक टूरिस्ट पुलिस स्टेशन में बदला जाएगा। साथ ही, पुलिस कर्मियों के लिए विशेष यूनिफॉर्म और वाहनों के लिए अलग पहचान वाला लोगो भी तैयार किया जाएगा, ताकि पर्यटक आसानी से पुलिस की पहचान कर सकें।
इसके अतिरिक्त, प्रमुख पर्यटन स्थलों पर कंटेनर आधारित हेल्प डेस्क और कियोस्क स्थापित किए जाएंगे, जिससे पर्यटकों को तुरंत सहायता मिल सके। एक केंद्रीकृत ‘इंटरएक्टिव टूरिस्ट पुलिस एप्लिकेशन’ भी विकसित की जाएगी, जिससे पर्यटकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी जरूरी जानकारी और सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
डॉ. के.एल.एन. राव ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य गुजरात को वैश्विक स्तर पर एक सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल राज्य के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक टूरिस्ट पुलिस स्टेशन में पर्याप्त स्टाफ, आधुनिक वाहन और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर सुनिश्चित किया जाएगा।
राज्य पुलिस विभाग ने इस योजना को तेजी से लागू कर पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया है।
ये भी पढ़ें: गुजरात निकाय चुनाव में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का ऐतिहासिक प्रदर्शन