
अहमदाबाद स्थित मौसम विभाग ने आज शाम एक महत्वपूर्ण “नाउकास्ट” (Nowcast) अलर्ट जारी किया है। इस ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 3 घंटों में गुजरात के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र के प्रमुख जिलों भावनगर, राजकोट, बोटाद और कच्छमें तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान हवा की गति लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं, बारिश हल्की रहने का अनुमान है, जो 5 मिमी प्रति घंटा से कम हो सकती है। कुछ स्थानों पर बादल गरजने और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।
हालांकि राहत की बात यह है कि बादलों से जमीन पर गिरने वाली बिजली (Cloud-to-Ground Lightning) की संभावना 30% से कम बताई गई है, जिससे बड़े खतरे की आशंका नहीं है। फिर भी मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर खुले क्षेत्रों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की चेतावनी दी गई है।
दूसरी ओर, देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने 5 मई को उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश सहित 17 राज्यों में तेज बारिश और 70 से 75 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राजस्थान और मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है।
प्रसिद्ध मौसम विशेषज्ञ अम्बालाल पटेल ने भी आगामी दिनों में प्री-मानसून गतिविधियों के तेज होने की संभावना जताई है। उनके अनुसार, 15 से 20 मई के बीच गुजरात में आंधी और बारिश की स्थिति बन सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि मई के अंत तक मानसून के Kerala पहुंचने की संभावना है, जबकि जून की शुरुआत में बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात बनने के संकेत मिल रहे हैं।
गुजरात में फिलहाल तेज गर्मी के बीच यह मौसम परिवर्तन लोगों को थोड़ी राहत दे सकता है, लेकिन अचानक बदलते मौसम के कारण सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
ये भी पढ़ें: लींबडी में बंगाल-असम जीत पर BJP का जश्न