
अहमदाबाद। IPL 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। लाखों दर्शकों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक और परिवहन व्यवस्था लागू की है।
मुकाबले के दौरान ट्रैफिक जाम की स्थिति से बचने और दर्शकों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए AMTS और BRTS की कुल 182 विशेष बसें संचालित की जाएंगी। इसके अलावा अहमदाबाद मेट्रो की सेवाएं भी बढ़ाई गई हैं ताकि दर्शक आसानी से स्टेडियम तक पहुंच सकें।
प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जनपथ टी-जंक्शन से नरेंद्र मोदी स्टेडियम के मुख्य गेट होते हुए कृपा रेजिडेंसी और मोटेरा गांव तक का मार्ग रविवार सुबह 11 बजे से रात 2 बजे तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
यातायात विभाग ने बताया कि तपोवन सर्कल, विसत जंक्शन, पावर हाउस, प्रभोध रावल सर्कल और भाट-कोटेश्वर रोड जैसे मार्गों को डायवर्जन रूट के रूप में उपयोग किया जा सकेगा।
दर्शकों की सुविधा के लिए AMTS की 130 और BRTS की 52 बसें अलग-अलग इलाकों से स्टेडियम तक चलाई जाएंगी। विशेष बस सेवा का किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। कई प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें भी तैनात की गई हैं ताकि मैच समाप्त होने के बाद भी लोगों को परिवहन की परेशानी न हो।
पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम के आसपास कई पार्किंग स्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि ओएनजीसी सर्कल और रेलवे ग्राउंड जैसे दूरस्थ पार्किंग क्षेत्रों से दर्शकों को स्टेडियम तक पहुंचाने के लिए मुफ्त शटल सेवा संचालित की जाएगी।
प्रशासन ने मैच देखने आने वाले दर्शकों से अपील की है कि वे निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें और पहले से पार्किंग स्लॉट बुक कर लें, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ये भी पढ़ें: IPL 2026 Final पर बारिश का खतरा! अहमदाबाद में RCB-GT महामुकाबले पर मौसम की नजर