
भारतीय संस्कृति, आस्था और गौरव के प्रतीक प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर में सोमवार को ‘सोमनाथ अमृत पर्व-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रभास पाटण पहुंचे और भगवान सोमनाथ महादेव के चरणों में शीश झुकाकर देश की समृद्धि एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को विशेष रूप से सजाया गया था। वीर हमीरजी सर्कल से मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार तक भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने सोमनाथ थीम पर आधारित आकर्षक रेत शिल्प का अवलोकन भी किया।

करीब 75 ढोलियों के पारंपरिक वादन, नासिक ढोल और तूतियों की गूंज के बीच पारंपरिक वेशभूषा में सजी लगभग 100 बालिकाओं ने सिर पर अमृत कलश धारण कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। शंख और डमरू के नाद के साथ पूरा मंदिर परिसर ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
मंदिर परिसर में प्रवेश करने से पूर्व प्रधानमंत्री ने अखंड भारत के शिल्पकार और सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के स्वप्नदृष्टा सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद दिग्विजय द्वार से विशेष ‘बेल वॉक’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मंदिर के गर्भगृह पहुंचे, जहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान सोमनाथ की महापूजा की।
इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ने मंदिर शिखर पर कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण भी किया। समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना के चेतक हेलिकॉप्टरों द्वारा मंदिर पर पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और दिव्य हो उठा।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबैटिक टीम द्वारा प्रस्तुत एयर शो रहा। समुद्र तट के ऊपर आसमान में रोमांचकारी करतबों ने उपस्थित श्रद्धालुओं और नागरिकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित उस विशेष प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया, जिसमें सोमनाथ मंदिर की ऐतिहासिक विरासत, पुनर्निर्माण और सांस्कृतिक महत्व को प्रदर्शित किया गया था। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, मंत्री हर्ष सांघवी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव: अभिनेता विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ, TVK को मिला बहुमत