
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की तूफानी पारी खेलकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया। अब सभी की नजरें गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले क्वालिफायर-2 मुकाबले पर टिकी हैं, जहां वैभव के पास एक नहीं बल्कि तीन ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है।
सबसे पहले बात करें आईपीएल इतिहास के सबसे तेज शतक की। यह रिकॉर्ड फिलहाल क्रिस गेल के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2013 में 30 गेंदों में शतक लगाया था। वैभव हैदराबाद के खिलाफ केवल तीन रन से इस रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गए थे। अगर गुजरात के खिलाफ उनका बल्ला फिर से गरजा, तो वह इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को अपने नाम कर सकते हैं।
इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन सकते हैं। उनके नाम अभी 22 मैचों में 932 रन दर्ज हैं और उन्हें इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए सिर्फ 68 रन की जरूरत है। यदि वह यह आंकड़ा हासिल कर लेते हैं, तो गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज साई सुदर्शन का रिकॉर्ड टूट जाएगा।
तीसरा बड़ा रिकॉर्ड सबसे तेज 100 छक्के पूरे करने का है। वैभव अब तक 402 गेंदों में 89 छक्के लगा चुके हैं। अगर वह गुजरात के खिलाफ 11 छक्के जड़ देते हैं, तो आईपीएल इतिहास में सबसे कम गेंदों में 100 छक्के पूरे करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
वैभव सूर्यवंशी का मौजूदा फॉर्म राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे बड़ी ताकत बन चुका है। ऐसे में गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों के सामने उन्हें रोकना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को रोकने के लिए SRH का मास्टर प्लान, पैट कमिंस बोले- प्लान B और C भी तैयार