
आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। SRH के कप्तान Pat Cummins ने स्वीकार किया कि 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों के खिलाफ केवल एक रणनीति पर्याप्त नहीं होती, इसलिए टीम ने उनके लिए प्लान A के साथ प्लान B और प्लान C भी तैयार किए हैं।
मुल्लांपुर में खेले जाने वाले एलिमिनेटर मुकाबले से पहले कमिंस ने कहा कि हर टीम में कुछ ऐसे खिलाड़ी होते हैं जो अकेले दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। वैभव सूर्यवंशी भी उन्हीं खिलाड़ियों में शामिल हैं, इसलिए उनके खिलाफ अतिरिक्त तैयारी करना जरूरी है।
कमिंस ने कहा कि एक गेंदबाज के तौर पर अपनी ताकत के अनुसार गेंदबाजी करना महत्वपूर्ण होता है, लेकिन कुछ बल्लेबाज ऐसे होते हैं जिनके लिए अलग रणनीति बनानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि पिछली बार वैभव ने उनके खिलाफ शानदार शतक लगाया था, हालांकि कुछ मौकों पर टीम ने उन्हें नियंत्रित भी किया था। ऐसे अनुभवों से सीख लेकर SRH इस मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।
इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन मजबूत रहा है और टीम दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर चुकी है। हालांकि कमिंस ने माना कि प्लेऑफ मुकाबलों का दबाव अलग होता है और टीम को अधिक रक्षात्मक होने के बजाय आक्रामक क्रिकेट खेलने की जरूरत होगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि एलिमिनेटर मुकाबले में SRH की रणनीति सफल होती है या युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर अपने बल्ले से मैच का रुख बदल देते हैं।
ये भी पढ़ें: मिचेल मार्श के तूफान से राजस्थान बैकफुट पर, जयपुर में लखनऊ का दबदबा