
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुजरात के कच्छ जिले में स्थित भारत-पाकिस्तान सीमा के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में से एक हरामीनाला का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। करीब 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों से मुलाकात की और आधुनिक तकनीक आधारित सुरक्षा तंत्र का निरीक्षण किया।
अमित शाह ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अधिकारियों के साथ हरामीनाला क्षेत्र का स्पीड बोट के जरिए दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सीमा पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी के लिए लगाए गए अत्याधुनिक PTZ कैमरों की लाइव फीड का अवलोकन किया और कंट्रोल रूम में मौजूद अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
गृह मंत्री ने इस अवसर पर नई सीमा चौकी G-7 (Border Outpost G-7) का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि भारत की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और भविष्य में तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि कोई भी दुश्मन देश भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश करेगा तो उसे मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।
जवानों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि गुजरात सहित पूरे देश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में BSF के जवानों की अहम भूमिका है। उन्होंने सीमा पर विषम परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे जवानों के साहस, समर्पण और देशभक्ति की सराहना की।
दौरे के दौरान उन्होंने OP Tower-1170 और हरामीनाला क्षेत्र में स्थापित सुरक्षा ढांचे का निरीक्षण किया। साथ ही डिजिटल सर्विलांस, स्मार्ट फेंसिंग और आधुनिक तकनीक के जरिए सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं और भविष्य की रणनीतियों पर भी चर्चा की।
इस महत्वपूर्ण दौरे में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी और BSF के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अमित शाह की यह यात्रा केंद्र सरकार की सीमा सुरक्षा को लेकर गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
ये भी पढ़ें: मुंबई से घर छोड़कर निकली किशोरी को सालंगपुर मंदिर से बरवाला पुलिस ने सुरक्षित ढूंढ निकाला