
आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच शुरू होने से पहले ही बड़ा विवाद देखने को मिला। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस दो बार कराना पड़ा, जिसके बाद क्रिकेट जगत में चर्चा तेज हो गई।
पहले टॉस में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने बाजी मारी थी, लेकिन मैच रेफरी द्वारा राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग की कॉल स्पष्ट रूप से नहीं सुनी जा सकी। इसी वजह से पहला टॉस रद्द कर दिया गया और दोबारा टॉस कराने का फैसला लिया गया।
दूसरे टॉस में रियान पराग ने फिर से ‘हेड्स’ कॉल किया और इस बार सिक्का उनके पक्ष में गिरा। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दोबारा टॉस होने के कारण शुभमन गिल काफी निराश नजर आए, जबकि सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर बहस छिड़ गई।
राजस्थान रॉयल्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया, जबकि गुजरात टाइटंस ने महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए स्पिनर आर साई किशोर को टीम में वापस शामिल किया। गुजरात को उम्मीद है कि साई किशोर अपनी गेंदबाजी से टीम को मजबूत शुरुआत दिलाएंगे।
राजस्थान की नजरें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी, जिन्होंने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन बनाकर टीम को क्वालिफायर-2 तक पहुंचाया था। वहीं तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर भी शानदार फॉर्म में हैं और इस सीजन में 15 मैचों में 24 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 10 मुकाबलों में गुजरात ने 7 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान को सिर्फ 3 जीत मिली हैं। ऐसे में फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
राजस्थान रॉयल्स प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा और यश राज पुंजा।
गुजरात टाइटंस प्लेइंग इलेवन: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर, निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, आर साई किशोर, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज।
ये भी पढ़ें: IPL 2026: क्या गुजरात टाइटंस के खिलाफ इतिहास रचेंगे वैभव सूर्यवंशी? टूट सकते हैं तीन बड़े रिकॉर्ड