
अमित शाह बोले- “समय रहते अपने देश लौट जाएं घुसपैठिए”
केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश सीमा पर घुसपैठ के मुद्दे को लेकर बड़ा बयान दिया है। अहमदाबाद और गांधीनगर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार बनने के बाद सीमा सुरक्षा को लेकर तेजी से काम शुरू कर दिया गया है और घुसपैठिए खुद ही वापस लौटने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव के दौरान वादा किया था कि सत्ता में आते ही भारत-बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग का काम तेज किया जाएगा। इसी दिशा में राज्य सरकार ने महज सात दिनों के भीतर 600 हेक्टेयर जमीन सीमा सुरक्षा बल (BSF) को सौंप दी है। इसके अलावा रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण “चिकन नेक” क्षेत्र की 121 हेक्टेयर जमीन भी केंद्र सरकार और BSF को हस्तांतरित की गई है।
“स्वेच्छा से लौटेंगे तो केस नहीं होगा”
अमित शाह ने बांग्लादेशी घुसपैठियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग अवैध तरीके से भारत में आए हैं, वे समय रहते अपने देश लौट जाएं। उन्होंने कहा कि यदि घुसपैठिए स्वेच्छा से वापस लौटते हैं तो उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया जाएगा और सरकार उनकी वापसी में सहायता भी करेगी।
गृह मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने डिटेंशन सेंटर भी तैयार किए हैं, लेकिन सरकार चाहती है कि पहचान अभियान शुरू होने से पहले ही अवैध घुसपैठिए खुद वापस चले जाएं। उन्होंने दावा किया कि पहले ममता बनर्जी सरकार के दौरान रोज घुसपैठ होती थी, लेकिन अब हालात बदल गए हैं।
सीमा सुरक्षा को लेकर सख्त रुख
अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार और पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों में 360 डिग्री सुरक्षा मॉडल पर काम कर रही है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए। शाह ने कहा कि हर घुसपैठिए की पहचान कर उसे देश से बाहर निकालना सरकार का संकल्प है।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने 26 मई को “जनसांख्यिकीय परिवर्तन पर उच्च स्तरीय समिति” का गठन किया है, जिसके बाद अवैध घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज हो गई है।
बंगाल में भाजपा सरकार की तारीफ
गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने रिकॉर्ड समय में BSF को जमीन सौंपकर सीमा सुरक्षा के काम में बड़ी मदद की है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब देश के 80 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र में शासन कर रही है और “उत्तराखंड से गंगासागर तक भगवा लहरा रहा है।”
गांधीनगर दौरे में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
अमित शाह गांधीनगर दौरे पर कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और लोकार्पण कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने कलोल और गांधीनगर उत्तर विधानसभा क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
इसके अलावा अहमदाबाद के सोला उमियाधाम परिसर में पाटीदार समुदाय के छात्रों के लिए बनाए गए हाईटेक हॉस्टल कैंपस का उद्घाटन भी किया गया। इस कैंपस में लगभग 1600 छात्रों के रहने, पढ़ाई, लाइब्रेरी, जिम और भोजन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
ये भी पढ़ें: TMC में महिला सम्मान पर घमासान, सांसद काकोली घोष ने कल्याण बनर्जी पर लगाए गंभीर आरोप