
उत्तर भारत में बदला मौसम, IMD ने जारी किया अलर्ट
नई दिल्ली। मई की झुलसाने वाली गर्मी के बीच उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ली है। दिल्ली-NCR समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 28 से 31 मई तक कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-NCR में गुरुवार शाम तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पालम में यह 40.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
कई राज्यों में बारिश और तूफान की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 से 31 मई तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 से 31 मई तक बारिश होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में धूल भरी आंधी के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं।
खराब मौसम से उड़ान सेवाएं प्रभावित
दिल्ली में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। एयर इंडिया की कोयंबटूर से दिल्ली आने वाली फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने यात्रियों के लिए ट्रैवेल एडवाइजरी जारी करते हुए मौसम की स्थिति को देखते हुए समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी है।
दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने भी यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ानों की ताजा जानकारी संबंधित एयरलाइंस से लेते रहें और ट्रैफिक व मौसम को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करें।
दिल्ली में लोगों को गर्मी से राहत
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बारिश और ठंडी हवाओं से राहत मिली है। शाम के समय कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
ये भी पढ़ें: UP Weather Alert: यूपी में मौसम का यू-टर्न, 69 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, नौतपा का असर होगा कम